सुजानपुर से कैप्टन रंजीत सिंह राणा, कुटलैहड़ से विवेक शर्मा और गगरेट से राकेश कालिया पर कांग्रेस ने खेला दाव
हाइलाइट्स
-
कांग्रेस ने उपचुनावों में तीन प्रत्याशी उतारे
पोस्ट हिमाचल न्यूज एजेंसी
शिमला। विधानसभा उपचुनाव से 37 दिन पहले कांग्रेस ने शुक्रवार को तीन प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतारा है। सुजानपुर से कैप्टन रंजीत सिंह राणा, कुटलैहड़ से विवेक शर्मा और गगरेट से राकेश कालिया पर कांग्रेस ने उपचुनावों का दाव खेला है। हालांकि तीन अन्य उपचुनाव वाली सीटों धर्मशाला, लाहौल-स्पीति और बड़सर से प्रत्याशी अभी तय नहीं हुए हैं।
-
धर्मशाला और लाहौल-स्पीति में भाजपा छोड़ने वाले नेताओं पर कांग्रेस की नजर है। बड़सर को लेकर भी माथापच्ची जारी है। आगामी दो-तीन दिनों में इन सीटों से भी प्रत्याशी तय हो जाएंगे। हमीरपुर और कांगड़ा संसदीय सीट से जिताऊ प्रत्याशी उतारने को जातीय और क्षेत्रीय समीकरण साधते हुए प्रत्याशी देने की तैयारी है।
-
कांग्रेस ने सुजानपुर सीट पर भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र राणा के मुकाबले में भाजपा के टिकट पर 2022 का विधानसभा चुनाव लड़ चुके पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल के करीबी रहे कैप्टन राणा पर दांव खेला है। उन्हें विधानसभा चुनाव में राजेंद्र राणा ने मात्र 399 से मात दी थी। अब कांग्रेस ने प्रदेश में बदले राजनीतिक समीकरणों के बीच कैप्टन राणा को अपना प्रत्याशी बनाकर भाजपा को कड़ी चुनौती देने की तैयारी की है।
-
गगरेट हलके में भाजपा के चैतन्य शर्मा के खिलाफ बीते दिनों ही कांग्रेस ने शामिल हुए पूर्व विधायक राकेश कालिया को पार्टी प्रत्याशी बनाया गया है। कालिया दो बार गगरेट से विधायक रह चुके हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान चैतन्य शर्मा को कांग्रेस का टिकट मिलने पर कालिया नाराज होकर भाजपा में शामिल हो गए थे। बीते दिनों ही कालिया की घर वापसी हुई है। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में भाजपा के देवेंद्र भुट्टो के सामने कांग्रेस ने विवेक शर्मा को अपना प्रत्याशी बनाया है। विवेक शर्मा को कांग्रेस प्रत्याशी बनाने का कुछ दिन पूर्व ही मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने एलान भी कर दिया था।शुक्रवार शाम को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मंजूरी से पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने अधिकारिक तौर पर तीनों प्रत्याशियों के नामों का एलान किया।