News

सरकार बनाने पहले आडवाणी और जोशी से मिले मोदी, शेयर मार्केट में उछाल

 

हाइलाइट्स

  • एनएसई का सूचकांक निफ्टी भी 498.8 अंक बढ़कर 23,320.20 तक उछला

  • राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का नेता चुन लिया गया

पोस्‍ट हिमाचल न्‍यूज एजेंसी


नई दिल्‍ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाने का दावा पेश करने से पहले शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी से उनके आवास पर मुलाकात की। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) संसदीय दल का नेता, भाजपा संसदीय दल का नेता और लोकसभा में भाजपा का नेता चुने जाने के तुरंत बाद मोदी ने आडवाणी के पास पहुंचे और उनसे आर्शीवाद लिया। इसके बाद वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष जोशी के आवास पर गए। मोदी बाद में राष्ट्रपति भवन जाएंगे जहां वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। पिछले दिनों संपन्न लोकसभा चुनाव में 543 सदस्यीय लोकसभा में भाजपा को 240 सीटें मिली हैं, जबकि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को 293 सीटें मिली हैं। राजग की सीटों की संख्या बहुमत के जादुई आंकड़े से अधिक है।

इससे पहले नरेंद्र मोदी को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का नेता चुन लिया गया है। इसके बाद मोदी ने कहा कि यह भारत के इतिहास का सबसे सफल गठबंधन है, हमारा उद्देश्य हमारे सभी फैसलों में आम-सहमति पाने का होगा। उन्होंने कहा कि हम ‘सर्व धर्म समभाव’ के सिद्धांत का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस गठबंधन के केंद्र में परस्पर विश्वास है। मोदी ने कहा, चुनाव जीतने वाले सभी नेताओं को बधाई देता हूं, मैं इस जीत के लिए जमीन पर अथक परिश्रम करने वाले सभी लोगों का भी अभिवादन करता हूं। उन्होंने कहा कि वह भाग्यशाली हैं कि उन्हें सर्वसम्मति से एनडीए का नेता चुना गया है। दल के सभी सहयोगियों ने उन्हें एक नई जिम्मेदारी दी है। वह इसके लिए उनके आभारी हैं। उन्होंने कहा कि बहुत कम लोग इस पर चर्चा करते हैं, लेकिन भारत के लोकतंत्र की ताकत देखिए आज जनता ने एनडीए को 22 राज्यों में सरकार बनाने का और सेवा करने का मौका दिया। उन्होंने कहा, ‘‘यह हमारे देश के इतिहास में सबसे सफल गठबंधन है। इसने तीन सफल कार्यकाल पूरे कर लिए हैं और अब अपने चौथे में प्रवेश कर रहा है।” उन्होंने कहा, ‘‘राजग उन दलों का समूह नहीं है जो सत्ता पाने के लिए एक साथ आए हैं, यह ‘राष्ट्र प्रथम’ के सिद्धांत के लिए प्रतिबद्ध है।” मोदी ने कहा कि ‘इंडी गठबंधन’ के दलों ने पहले ही कहना शुरू कर दिया है कि वे केवल लोकसभा चुनाव के लिए साथ आए हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह का रवैया उनके चरित्र, सत्ता की भूख को दर्शाता है।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे लिए राजग का मतलब न्यू इंडिया, डेवलप्ड इंडिया, एस्पिरेशनल इंडिया है।” मोदी ने कहा, ‘‘हमारे 10 साल सिर्फ एक ट्रेलर थे। हम अपने देश के विकास के लिए बहुत मेहनत और तेजी से काम करेंगे। लोग जानते हैं कि हम कर दिखाएंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह संसदीय बहस की कमी महसूस कर रहे थे और उम्मीद करते हैं कि विपक्षी सांसद भी संसद में आने पर राष्ट्र निर्माण में योगदान देंगे। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टी 100 सीटों के आंकड़े को भी नहीं छू सकी और पिछले तीन लोकसभा चुनावों में उनकी कुल सीटें इस चुनाव में भाजपा की सीटों से भी कम रही।

उन्होंने कहा कि हमें यह जानकर खुशी हो रही है कि पहली बार हमारा कोई प्रतिनिधि केरल में विजयी हुआ है। अरुणाचल प्रदेश में हमारा प्रदर्शन शानदार रहा है। सिक्किम में भी हमने लगभग क्लीन स्वीप दर्ज कर लिया है। आंध्र प्रदेश में यह एक ऐतिहासिक जीत है। जिस तरह से तमिलनाडु में राजग का वोट शेयर बढ़ा है, वह स्पष्ट रूप से दिखाता है कि भविष्य में क्या होने वाला है।  राजग के घटक दलों का आपस में विश्वास का सेतु इतना मजबूत है और यह अटूट रिश्ता विश्वास के मजबूत धरातल पर है। उन्होंने कहा, ‘‘यह सबसे बड़ी पूंजी होती है।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के 10 राज्य ऐसे हैं जहां जनजातीय समूह की संख्या प्रभावी और निर्णायक है और इनमें से सात राज्यों में राजग की सरकार है। मोदी ने कहा कि हम सर्व पंथ समभाव और संविधान को समर्पित लोग हैं। हमारा गोवा हो या हमारा पूर्वोत्तर भारत हो… जहां बहुत बड़ी मात्रा में ईसाई भाई-बहन रहते हैं। आज इन राज्यों में भी राजग को सेवा करने का अवसर मिला हुआ है।

 

घरेलू शेयर बाजार का मानक सूचकांक सेंसेक्स रिकॉर्ड उच्चतम स्तर पर


घरेलू शेयर बाजार का मानक सूचकांक सेंसेक्स चालू वित्त वर्ष के लिए वृद्धि दर अनुमान बढ़ाकर 7.2 प्रतिशत करने से उत्साहित होकर शुक्रवार को कारोबार के दौरान 1,720 अंक से अधिक उछलकर अपने रिकॉर्ड उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक सेंसेक्स कारोबार के दौरान 1,720.8 अंक उछलकर 76,795.31 अंक पर पहुंच गया जो कारोबारी सत्र का इसका अबतक का उच्चतम स्तर है। एनएसई का सूचकांक निफ्टी भी 498.8 अंक बढ़कर 23,320.20 अंक के मुकाम पर पहुंच गया। रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए वृद्धि दर अनुमान को सात प्रतिशत से बढ़ाकर 7.2 प्रतिशत कर दिया। इसके अलावा रेपो दर को 6.5 प्रतिशत पर कायम रखा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!

Deprecated: stripos(): Passing null to parameter #1 ($haystack) of type string is deprecated in /home/u277146551/domains/posthimachal.com/public_html/wp-includes/functions.wp-scripts.php on line 133