Solan: नकाबपोश हमलावरों ने महिलापर किया जानलेवा हमला,चालिस टांके लगे
Post Himachal, Solan
ओच्छघाट के नांडो गांव में दो नकाबपोशों ने महिला पर जानलेवा हमला किया है। घायल अवस्था में महिला को क्षेत्रीय अस्पताल सोलन दाखिल करवाया गया है। महिला को चालिस टांके लगे हैं और वह अस्पताल में उपचाराधीन हैं। हमला क्यों किया पुलिस इसकी जांच कर रही है। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में पीड़ित महिला मंजू ने बताया कि बुधवार को वह अपने घर के समीप गोशाला गई थी। इस दौरान गोशाला के समीप झाड़ियों के पीछे दो नकाबपोश युवक छिपे हुए थे। महिला ने बताया कि जब उसे शक हुआ तो उसने पूछा कि यहां पर कौन है। उसे लगा कि कोई नशेड़ी यहां पर है। महिला का आरोप है कि इस दौरान नकाबपोश सामने आए और उसमें से एक ने उसे पिस्तौल की तरह कुछ दिखाया। वहीं दूसरे ने रॉड से उस पर हमला कर दिया। महिला ने बताया कि वह तब तक उसे मारते रहे जब तक वह नीचे गिर नहीं गई। बीच बचाव में महिला ने कहा कि उसका बेटा पुलिस में है और यहां पर सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं। यह सुनकर दोनों नकाबपोश तुरंत भाग गए। उधर, एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।