Politics: नाहन और मंडी में 24 को गरजेंगे मोदी
हाइलाइट्स
-
10 सालों में प्रधानमंत्री मोदी पड्डल मैदान में 6वीं बार रैली
-
25 साल बाद नाहन में आएंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
-
हाटी समुदाय को साधने का करेंगे प्रयास
पोस्ट हिमाचल न्यूज एजेंसी
मंडी/नाहन। मौसम के साथ साथ चुनावी तपिश भी बढ़ने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हिमाचल में दो रैलियां तय हो गई हैं। शिमला संसदीय क्षेत्र में सुरेश कश्यप के लिए मोदी पहली रैली नाहन के चौगान मैदान में 24को करेंगे। प्रधान मंत्री बनने के बाद मोदी पहली बार नाहन आएंगे। 25 साल पहले 1999 में मोदी नाहन बाजर में चुनावी रैली में आए थे। जनजातीय दर्जा दिलवाने के बाद मोदी हाटी समुदाय को साधने का प्रयास करेंगे। दूसरी रैली मंडी संसदीय क्षेत्र में मंडी पड्डल मैदान में होगी। भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत के पक्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 मई को चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। रैली 24 मई को पड्डल मैदान में सायं 4 बजे होगी। बीते 10 सालों में प्रधानमंत्री मोदी पड्डल मैदान में 6वीं बार रैली को संबोधित करेंगे। प्रदेश मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा ने इसकी पुष्टि की है। वहीं, शिमला संसदीय क्षेत्र के प्रवक्ता शैलेंद्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 साल बाद नाहन आएंगे। इससे पहले वह 1999 में इलेक्शन कैंंपेन में नाहन आए थे।
नेता प्रतिपक्ष ने लिया पड्डल मैदान का जायजा
रैली को हरी झंडी मिलते ही भाजपा ने चुनाव आयोग से पड्डल मैदान की बुकिंग कर ली है। इसके साथ ही अब भाजपा नेताओं ने रैली की तैयारियां शुरु कर दी हैं। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने रविवार को पड्डल में तैयारियों का जायजा लिया। भाजपा के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इसके बाद जयराम ठाकुर मीडिया से भी रूबरू हुए।
हाटी समुदाय की स्थिति
हाटी समुदाय में करीब 2 लाख लोग 4 विधानसभा क्षेत्र शिलाई, श्रीरेणुकाजी, पच्छाद तथा पांवटा साहिब में रहते हैं। जिला सिरमौर की कुल 269 पंचायतों में से ट्रांसगिरी में 154 पंचायतें आती हैं। इन 154 पंचायतों की 14 जातियों तथा उप जातियों को एसटी संशोधित विधेयक में शामिल किया गया है।