Himachal

35वें जन्मदिन पर विक्रमादित्य सिंह बोले- प्रदेश के विकास के लिए रहेंगे समर्पित

Vikramaditya Singh 35th birthday: हिमाचल प्रदेश सरकार के सबसे युवा मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह ने आज अपने 35वें जन्मदिन के मौके पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन, शिमला में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ केक काटा। इस अवसर पर विक्रमादित्य सिंह ने प्रदेश की जनता, शिमला ग्रामीण निर्वाचन क्षेत्र के लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

विक्रमादित्य सिंह ने प्रदेशवासियों को संदेश देते हुए कहा कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर प्रदेश के विकास के लिए काम करना उनका प्राथमिक दायित्व है। उन्होंने अपने मंत्री पद की जिम्मेदारियों को मजबूती से निभाने का वादा किया और कहा कि प्रदेश को केंद्र से एक बड़ा तोहफा मिलने वाला है, जिसकी आधिकारिक पुष्टि होते ही जानकारी साझा की जाएगी। इस मौके पर उन्होंने अपने पिता वीरभद्र सिंह के समय में अटल बिहारी वाजपेई द्वारा हिमाचल को 500 करोड़ की मदद देने का किस्सा भी याद किया और बताया कि प्रदेश के विकास के लिए निरंतर काम करते रहेंगे।

इसके अलावा, हरियाणा में भाजपा की सरकार बनने और नायब सैनी के दोबारा मुख्यमंत्री बनने पर विक्रमादित्य सिंह ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को हरियाणा चुनाव से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन परिणाम उनके पक्ष में नहीं आए। पार्टी के हरियाणा यूनिट और हाई कमान चुनावी खामियों का आकलन करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि हरियाणा की नई सरकार हिमाचल और हरियाणा के आंतरिक मसलों पर सकारात्मक रवैया अपनाते हुए दोनों प्रदेशों के हितों के लिए काम करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *